क्या सूक्ष्मजीव प्लास्टिक को खा सकते हैं?

                              

सूक्ष्मजीवी की दुनिया


क्या सूक्ष्मजीव प्लास्टिक को खा सकते हैं?

हम सावधानी से प्लास्टिक मुक्त जीवन जीने की कोशिश करते हैं, फिर भी एक बड़ी संभावना है कि हम हर दिन प्लास्टिक का उपयोग करते हैं। वह हर जगह है! अनुमानित 2.4 से 12.7 मिलियन टन प्लास्टिक हर साल समुद्र में खत्म हो जाता है [1]! क्योंकि, दुर्भाग्य से, हमारे द्वारा उपयोग किए जाने वाले प्लास्टिक के केवल एक छोटे से हिस्से का ही पुनर्नवीनीकरण किया जाता है। और जैसा कि हम सभी जानते हैं, प्लास्टिक इत्नी आसानी से खराब नही होती है, कुछ को टूटने में हजारों साल लग सकते हैं, और पर्यावरण में उनकी उपस्थिति हमारी मिट्टी और महासागरों में रसायनों को छोड़ती है।

पर अंदाजा लगाइए कि हर जगह क्या पाया जाता है? बेशक सूक्ष्मजीव! और वे सबसे चरम और असामान्य स्थानों में माहौल के अनुसार अपने को योग्य रखने और जीवित रहने में सक्षम हैं! यदि आपको विश्वास नहीं हैं, तो माइक्रोबाइट्स पर अन्य लेख पढ़ें कि वे कितने विविध हैं।

पॉलीइथाइलीन (पीई) (36%), पॉलीप्रोपाइलीन (पीपी) (21%), पॉलीविनाइल क्लोराइड (पीवीसी) (12%), पॉलीइथाइलीन टेरेफ्थेलेट (पीईटी) (<10%), पॉलीयुरेथेन (पीयू) (<10%) और पॉलीस्टाइनिन (PS) (<10%) सबसे अधिक उत्पादित प्लास्टिक के प्रकार हैं। 

चित्र = पॉलीइथाइलीन टेरेफ्थेलेट पॉलिमर, जिसे पीईटी के रूप में भी जाना जाता है, अधिकांश प्लास्टिक की बोतलों में इस्तेमाल किया जाने वाला पॉलिएस्टर।
स्रोत: विकिकॉमन्स

30 साल पहले के शोध से पता चला है कि कुछ सूक्ष्मजीव प्लास्टिक को गलाने में सक्षम थे। हालांकि, गंबरिनी और उनके सहयोगियों के अध्ययन से पहले, प्लास्टिक को तोड़ने में सक्षम सूक्ष्मजीवो की संख्या और उनके प्रकार का अवलोकन बहुत कम किया गया था। अपने अध्ययन में, लेखकों ने प्लास्टिक को गलाने में सक्षम सूक्ष्मजीवों की  प्रजातियों के बारे में ज्ञात सभी सूचनाओं को संकलित किया जैसे कि उनकी आनुवंशिक क्षमताएं और प्लास्टिक के प्रकार जिसे वे गलाने में सक्षम थे।

उन्होंने पाया कि प्लास्टिक को गलाने में सक्षम अधिकांश सूक्ष्मजीव जीवाणु (65% प्रजातियों) थे, जो 5 अलग-अलग प्रजाती से संबंधित थे, और बाकी 3 प्रजाती फफूंद (34.4%) की थीं। उन्होंने ये भी पाया की प्लास्टिक को गलाने वाले कई सूक्ष्मजीव स्यूडोनोकार्डियासी फ़ैमिली और बेसिललेस ऑर्डर के भीतर आते हैं। इससे ये पता चलता है कि इन रोगाणुओं के बीच एक संरक्षित विशेषता है।

तो, क्या हम अपना सारा प्लास्टिक का कचरा बैक्टीरिया को खिला सकते हैं? यह इतना आसान नहीं है… अधिकांश प्लास्टिक जटिल बहुलक होते हैं, और हमारे कई सूक्ष्मजीवी मित्र प्लास्टिक के एकलक रूप को गला सकते हैं, लेकिन उनके जटिल रूप को नहीं। तो अब हम क्या करें? लेखक इस बात पर प्रकाश डालते हैं कि कई जीवाणु प्राकृतिक रूप से व्युत्पन्न प्लास्टिक जैसे पीएचबी (पॉलिमर पॉलीहाइड्रॉक्सीब्यूटाइरेट), या पीएलबी (पॉलीमर पॉलीलैक्टिक एसिड) को गलाने में सक्षम हैं। आपको पता है, ये कंपोस्टेबल प्लास्टिक अब हमें दुकानों में मिलते हैं! चलिए, यह एक शुरुआत है। ये प्राकृतिक रूप से व्युत्पन्न प्लास्टिक किण्वन के दौरान अन्य जीवाणुओं द्वारा बनाए जाते हैं और बायोडिग्रेडेबल (चित्र देखें) होते हैं।

पीएचबी जैसे बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक का चक्र। चित्र  biorender.com में बनाया गया है।

प्लास्टिक खाने वालों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए लेखकों ने इस क्षेत्र में भविष्य के अनुसंधान की नींव रखी है। आगे के अध्ययनों के जरिए हमें जीवाणुओं में प्लास्टिक क्षरण की उत्पत्ति और विकास की बेहतर समझ होगी और संभावित रूप से हमें ऐसी प्रजातियों से नए प्लास्टिक गलाने वाले सूक्ष्मजीवों की खोज में मदद मिलेगी जिनकी अभी तक जांच नहीं की गई है।

चित्र महासागर संरक्षण से लिया गया है

मूल पोस्ट का लिंक: Gambarini V, Pantos O, Kingsbury JM, Weaver L, Handley KM, Lear G. 2021. Phylogenetic distribution of plastic-degrading microorganisms. mSystems 6:e01112-20.

अन्य संदर्भ:
[1] Ilaria Conti, Carolina Simioni, Gabriele Varano, Cinzia Brenna, Eva Costanzi, Luca Maria Neri,
Legislation to limit the environmental plastic and microplastic pollution and their influence on human exposure, Environmental Pollution, 2021,

निरूपित चित्र: https://ndla.no/subject:1:c8d6ed8b-d376-4c7b-b73a-3a1d48c3a357/topic:9e6c9f83-32a1-4cb4-977a-7a780c4948a3/topic:80fc34c3-f197-4e05-a2a8-49fea7278a32/resource:f721bdda-545f-48fa-adc9-290e05b571d4

अनुवादक: दिशा टंडन